गुरुवार को प्रतापगढ़ के स्टेशन मास्टर ने ट्रैक की मरम्मत के दौरान ही हरिद्वार एक्सप्रेस को प्रतापगढ़ से इलाहाबाद के लिए सिग्नल दे दिया। इस पर ड्राइवर ट्रेन लेकर आगे बढ़ गया। ट्रेन नया मालगोदाम रेलवे क्रासिंग पार कर आगे बढ़ी तो आगे ट्रैक पर स्लीपर बदला जा रहा था। लाल झंडी देखकर चालक ने ट्रेन को रोक दिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। आधे घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही। इससे एक ओर यात्री परेशान रहे तो दूसरी ओर रेलवे फाटक बंद होने से राहगीर परेशान हो गए।
नया मालगोदाम के पास लकड़ी के जर्जर स्लीपर बदले जा रहे हैं। गुरुवार दोपहर 2.40 बजे के करीब दस घंटे की देरी से हरिद्वार से इलाहाबाद जाने वाली हरिद्वार एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची। पांच मिनट के ठहराव के बाद स्टेशन मास्टर ने बगैर ट्रैक क्लीयर हुए ही ट्रेन के संचालन के लिए सिग्नल दे दिया। जबकि रेल कर्मचारी लकड़ी के जर्जर स्लीपर हटाकर पत्थर के स्लीपर लगा रहे थे। सामने से ट्रेन आते देख रेलकर्मी लालझंडी लेकर ट्रैक पर खड़े हो गए। इस पर चालक ने समय रहते ट्रेन को रोक दिया। करीब सवा तीन बजे ट्रेन इलाहाबाद के लिए रवाना की गई। इस बारे में स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र का कहना है कि ट्रैक निर्माण में लगे कर्मचारियों ने फोन पर बताया था कि गाड़ी को काशन पर रवाना किया जाए। इसलिए ट्रेन को सिगभनल दे दिया गया था। ट्रैक क्लीयर न होने के कारण रोक दिया गया।