स्ट्रेचर खोजते रहे स्वास्थ्यकर्मी व गार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। लीलापुर थाना क्षेत्र के मोहनगंज विक्रमपुर मोड़ के करीब गैस टैंकर व टेंपो में हुई टक्कर के बाद घायल व मृतकों को मेडिकल कॉलेज तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। टेंपो, पिकअप व अन्य वाहनों से घायलों को किसी तरह मेडिकल कॉलेज तक लाया गया। यहां जानकारी के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम खाली हाथ नजर आई। पुलिस की फटकार के बाद किसी तरह स्ट्रेचर मिला।
लीलापुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव के पास सोमवार दोपहर लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग पर बाइक सवार को बचाने में गैस टैंकर अनियंत्रित होकर सवारियों से भरी टेंपो पर पलट गया। हादसे के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद कर बचाव कार्य शुरु किया। मृतकों के साथ ही घायलों को पिकअप, टेंपो सहित अन्य वाहनों से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जबकि चार एंबुलेंस से अन्य घायल व मृतकों को लेकर पुलिस मेडिकल काॅलेज पहुंची। राजा प्रताप बहादुर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर घायलों को लेकर एंबुलेंस व अन्य वाहनों के चालक तत्काल उपचार के लिए परेशान थे। इधर सुरक्षागार्ड व स्वास्थ्यकर्मी स्ट्रेचर तक नहीं दे सके। जिसे लेकर वहां मौजूद लोगों ने हंगामा करते हुए जिम्मेदारों को खरीखोटी सुनाई। मौके पर पहुंचे एएसपी पूर्वी विद्यासागर मिश्रा ने फटकार लगाई तो पांच स्ट्रेचर मंगाया गया।
हादसे के एक घंटे बाद इमरजेंसी में पहुंचे सीएमएस
सड़क हादसे के बाद आनन-फानन में घायलों व मृतकों को लेकर एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज परिसर में पहुंची। परिसर में भारी पुलिसबल व जिम्मेदार अधिकारियों के आने की जानकारी पर वाहावाही लेने का प्रयास कर सीएमएस लगभग एक घंटे बाद इमरजेंसी की ओर आए। एंबुलेंस व अन्य वाहनों में पड़े चार मृतकों के शव उन्हें नहीं दिख रहे थे। वह मदद कर रहे कार्यकर्ताओं को फटकार लगाने लगे। दरोगा ने उनको खरीखोटी सुनाई तो वह वार्ड में प्रवेश कर गए।