शनिवार को जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कोरोना काल में सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, राजैनितक दलों के कार्यालयों, स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग के बीच ध्वजारोहण व राष्ट्रगान हुआ। छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन प्रस्तुतियों से जमकर धमाल मचाया।
क्रांतिकारियों का वेश धारण कर बच्चों ने मन मोह लिया। बच्चों में स्वतंत्रता दिवस के पर्व को लेकर गजब का उत्साह दिखा। वक्ताओं ने शहीद देशभक्तों को श्रदांजलि दी। उन्हें नमन करते हुए आजादी के मायने बताए। शहर से गांव तक लोग देश की आजादी के जश्न में डूबे रहे।
शहर के वीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में निदेशक राकेश व अलका सिंह ने स्कूल की शिक्षिकाओं के संग ध्वजारोहण व राष्ट्रगान किया। इसके बाद क्रांतिकारियों को याद करते हुए उन्हें श्रदांजलि अर्पित की। बच्चों ने ऑनलाइन प्रस्तुतियां के जरिए जमकर धमाल मचाया।
कृष्णा व कार्तिकेय ने सुभाषचंद्र बोस का रूप धारण किया। अर्ना ने भारत माता, लव एवं लक्ष्य ने भगत सिंह, आराध्या, आभा एवं संस्कृति ने रानी लक्ष्मी बाई का रूप धारण कर उनके त्याग की कहानी बयां की। वहीं छात्र विशेष व छात्रा सोनाक्षी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। जबकि खुशी, विशेष, हर्षिता, आर्या, एंजलीना आदि ने ऑनलाइन भाषण प्रस्तुत कर भावविभोर कर दिया।
सरस्वती शिशु मंदिर अजीतनगर में लायंस क्लब गौरव एवं विद्यालय के संचालन समिति द्वारा ध्वजा रोहण किया गया। इस दौरान पौधरोपण भी हुआ। इस अवसर पर शरद केसरवानी, पंकज मिश्र, जय प्रकाश खंडेलवाल, डा प्रमोद त्रिपाठी, अश्वनी केसरवानी, मनीष, मयंक आदि मौजूद रहे। शहर के प्रभात एकेडमी में प्रबंध प्रभात शर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि संघर्षु को मुकाम जरूर मिलता है। हम सभी को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में प्रबंधक मनीषा सिंह, डॉक्टर मनीष सिंह एवं प्राचार्य डा. परमजीत कौर ने ध्वजारोहण किया। प्रबंधक डा. मनीषा सिंह ने बच्चजों को आजादी के मायने समझाए। बच्चों ने आनलाइन रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
डीआईओएस कार्यालय में जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने सभी पर्व की शुभकामना दी। जीआईसी एवं जीजीआईसी में भी ध्वजारोहण हुआ। इधर, भाजपा जिला कार्यालय पर भी ध्वजारोहण हुआ। गौतमबुद्ध पब्लिक स्कूल लीलापुर में निर्बल महिलओं को मिथिलेश मौर्य ने उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान मो. मोबीन खान, विवेक कुशवाहा, शैलेंद्र सागर सहित शिक्षक मौजूद रहे। कटरामेदनीगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष जुबैदा खातून ने झंडारोहण किया। डा. जयमंगल सिंह शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्राचार्य संतोष सिंह, बीओबी कटरामेदनीगंज में उपप्रबंधक रोशन सिंह ने ध्वजारोहण किया। दहिलामऊ स्थित अटल भवन पर भाजयुमो काशी क्षेत्र के महामंत्री वरुण प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से देश की आजादी बड़े त्याग व संघर्ष के बाद मिली है। इस अवसर पर सुनील दूबे, संतोष तिवारी, अर्जुन मौजूद रहे।
सीएचसी गौरा में ध्वजारोहण व राष्ट्रगान
सीएचसी गौरा में अधीक्षक डा. ओपी सिंह के संयोजकत्व चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया। अधीक्षक डा. ओपी सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सोशल डिस्टेंसिंग के बीच सभी ने राष्ट्रगान कर भारत माता के जयकारे लगाए। डा. ओपी सिंह ने कहा कि देश अंग्रेजों के गुलाम था। इसे आजाद कराने में लिए लंबा संघर्ष चला है। क्रांतिकारियों के त्याग व बलिदान के चलते हमें अंग्रेजों की गुलामी से छुटकारा मिल पाया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कोरोना वायरस लोगों के लिए चुनौती है। इससे बचने के लिए एहतियात बरतनी होगी। सभी को धैर्य एवं संयम से काम लेना होगा।