कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होने पर डीएम डा. रुपेश कुमार बुधवार को कोहड़ौर बाजार पहुंच गए। सीएचसी और बाजार का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक के बगैर बताए गायब रहने पर डीएम ने सीएमओ को फटकार लगाई और नोटिस देने को कहा। इधर कोहड़ौर बाजार में अभी तक 17 मरीजों के मिलने और बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने पर कोहड़ौर कोतवाल संजय यादव को फटकार लगाई और फौरन बाजार को सील करने को कहा।
बुधवार को सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने साफ-सफाई की व्यवस्था सही नहीं होने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सीएमओ को अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार ठहराया। डीएम ने नेत्र परीक्षण कक्ष, ओपीडी, सांख्यिकी अनुभाग, एक्सरे कक्ष सहित वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने डाक्टरों से दवाओं की उपलब्धता, रखरखाव की जानकारी लेने के साथ ही दवाओं को देखा। डीएम ने सीएमओ को फटकार लगाते हुए कहा कि कोरोना जैसी महामारी के समय चिकित्सालयों में आपका शिथिल पर्यवेक्षण प्रतीत हो रहा है। डीएम ने डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। कोहड़ौर बाजार में 17 कोरोना पाजिटिव केस मिलने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होने पर कोतवाल की क्लास लगाई और फटकार लगाते हुए फौरन बाजार सील करने को कहा।