सीबीएसई : हाईस्कूल में अधिकांश स्कूलों का परिणाम शत-प्रतिशत, इंटर में कुछ बच्चों को देनी होगी कंपार्टमेंट परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। सीबीएसई परीक्षा में इंटर में 87.33 और हाईस्कूल में 93.1 प्रतिशत बच्चे सफल रहे हैं। जिले के हाईस्कूल के परिणाम में पं. नागेशदत्त पब्लिक स्कूल लालगंज के श्रेयांश गिरि 99.0 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद का गौरव बढ़ाया है। इंटर में संगम इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा अदिति सिंह 96.4 प्रतिशत के साथ मान बढ़ाया है। बोर्ड की ओर से टॉपर्स की कोई सूची नहीं जारी की गई।
सीबीएसई के हाईस्कूल और इंटर का परिणाम शुक्रवार को जारी होने से जिले के बच्चे खुश नजर आए। हाईस्कूल में अधिकांश स्कूलों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि इंटर में कुछ बच्चों को कंपार्टमेंट परीक्षा देनी होगी। शहर के न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हाईस्कूल में 177 बच्चों ने परीक्षा दी थी, जिसमें सभी सफल रहे। इंटर में 168 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें पांच कंपार्टमेंट और दो अनुत्तीर्ण हुए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय में हाईस्कूल में 83 बच्चों ने परीक्षा दी थी, जिसमें सभी सफल रहे हैं। इंटर में 73 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें 70 बच्चे सफल, दो बच्चों का कंपार्टमेंट और एक अनुत्तीर्ण हुआ है।