सदर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस से नीरज त्रिपाठी, सपा से बृजेश वर्मा, भाजपा समर्थित अपना दल एस से राजकुमार पाल सहित 14 प्रत्याशियों ने सोमवार को पर्चा दाखिल किया। इस प्रकार अब नामांकन करने वालों की संख्या बढक़र 18 हो गई है।
नामांकन के अंतिम दिन भारी सुरक्षा घेरा होने के बावजूद आचार संहिता की धज्जियां उड़ीं। नामांकन कक्ष में भारी संख्या में भाजपाइयों के घुसने पर एसडीएम सदर और रानीगंज विधायक के बीच जमकर तकरार हुई। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी और तीन अक्तूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा।
सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन सदर तहसील में नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जिला प्रशासन भी अलर्ट रहा। सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी नामांकन करने सदर तहसील पहुंचे। दोपहर करीब पौने दो बजे सपा प्रत्याशी बृजेश वर्मा और इसके बाद भाजपा समर्थित अपना दल एस प्रत्याशी राजकुमार पाल नामांकन करने पहुंचे।
नामांकन में सुरक्षा घेरा और आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए एसपी अभिषेक सिंह स्वयं तहसील परिसर में काफी देर तक मौजूद रहे। मगर अपना दल एस प्रत्याशी का काफिला सदर तहसील पहुंचते ही पुलिस की सभी तैयारियां फेल हो गईं। जिले की पूर्व प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह और मंत्री जय कुमार उर्फ जैकी के साथ सांसद संगमलाल गुप्ता, भाजपा विधायक धीरज ओझा, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, पूर्व विधायक हरिप्रताप सिंह सहित कई भाजपाई नामांकन कक्ष में घुस गए।
नामांकन कक्ष में इतनी बड़ी संख्या लोगों को देखकर एसडीएम सदर ने प्रस्तावक को छोडक़र अन्य लोगों को बाहर जाने के लिए कहा। इसे लेकर उनकी रानीगंज विधायक धीरज ओझा से जमकर तकरार हुई। पुलिस तमाशबीन बनी रही और कोई भी नामांकन कक्ष के बाहर नहीं निकला।
प्रमुख पार्टियों के अलावा राष्ट्रीय समाज पार्टी से श्रवण कुमार पाल, सर्वोदय भारत पार्टी से मो. इरशाद, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया से निर्भय प्रताप सिंह, पीस पार्टी से अब्दुल मतीन, एनसीपी से प्रवीण कुमार सिंह, जनता विकास मंच से जयराम, भारतीय कामगार पार्टी से उधवराम पाल, बहुजन आवाम पार्टी से राकेश कुमार पासी जबकि राकेश कुमार सिंह, दिनेश कुमार और बजरंगीलाल ने निर्दल प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया।
सदर विधानसभा उप चुनाव में नामांकन करने जाते भाजपा अद समर्थित प्रत्याशी के जुलूस को रोकती पुलिस।- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़ सदर तहसील में विधानसभा उप चुनाव को नामांकन पत्र दाखिल करते कांग्रेस प्रत्याशी डा0 नीर?- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़ सदर विधानसभा उप चुनाव को नामांकन पत्र दाखिल करते सपा प्रत्याशी बृजेश पटेल।- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़ सदर विधानसभा उप चुनाव को नामांकन पत्र दाखिल करते भाजपा अद प्रत्याशी राजकुमार पाल।- फोटो : PRATAPGARH
सदर विधानसभा उप चुनाव में नामांकन करने जाते कांग्रेस प्रत्याशी के साथ प्रमोद तिवारी व अजय राय।- फोटो : PRATAPGARH