in kidnapping case of a minor girl police is searching in the forest
- फोटो : PRATAPGARH
अपहृत किशोरी की तलाश में पुलिस दो दिनों से जंगल की खाक छान रही है। कई ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन उसे बरामद नहीं किया जा सका। दर्जनभर लोगों को हिरासत में लेकर किशोरी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
लालगंज कोतवाली के गहरी निवासी लाल दृगविजय प्रताप सिंह की 17 वर्षीय बेटी शिवानी को रविवार को बाइक सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। पिता की शिकायत पर आरोपी अब्दुल रब निवासी तिलौरी समेत दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया। किशोरी की अपहरण की सूचना पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। दो दिन से कोतवाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती की अगुवाई में किशोरी की तलाश में जुटी है। किशोरी की तलाश में रविवार को कई ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने आरोपी के परिजन समेत दर्जनभर लोगों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है। सोमवार को भी अपहृत किशोरी की तलाश में पुलिस जंगल-जंगल की खाक छानती रही।
अपहरण के आरोपी की तेजगढ़ इलाके में लोकेशन मिलने पर लालगंज पुलिस के साथ संग्रामगढ़ व सांगीपुर की पुलिस ने घेराबंदी कर कई जगहाें पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। अनहोनी की आशंका से हलाकान पुलिस वनपुकरा, देवली व कोहरचका आदि के जंगलाें में प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती की अगुवाई पुलिस तलाश करती रही। जंगलों की खाक छानने के बाद अपहृत किशोरी व आरोपी का सुराग नहीं लग सका। कोतवाल ने बताया कि किशोरी व आरोपी की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसकी बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।