प्रतापगढ़। एमडीपीजी में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र में परिचय सभा का आयोजन रविवार को किया गया। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अध्ययन केंद्र की गुणवत्ता के विषय में जानकारी दी गई।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी की सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रीना कुमारी ने दीप जलाकर परिचय समारोह का शुभारंभ किया। सभा को संबोधित करते हुए कहा कि युनेस्को ने सन् 2010 में इग्नू को विश्व में उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा संस्थान घोषित किया। आगे कहा कि इग्नू के माध्यम से दूर-दराज के गांवों में रह रहे नवयुवकों को दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर अपने कौशल का विकास करने का एक सुनहरा अवसर मिला है। इसलिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय विगत 29 वर्षों से इस क्षेत्र में कार्यरत है।
बताया कि वर्तमान समय में 226 पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है जो रोजगार मूलक एवं विद्यार्थियों के कौशल का विकास करने में सहायक है। अंत में प्राचार्य डॉ. एएन त्रिपाठी ने छात्राें को संबोधित किया। समन्वयक डॉ. अरविंद मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में डॉ. मायाशंकर, डॉ. गीता शुक्ला, डॉ. क्षमापति त्रिपाठी, डॉ. विनोद बिहारी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।