जिले में लगातार लूट, हत्या, रंगदारी और छिनैती की घटनाओं को लेकर दो दिन से डेरा डाले आईजी मोहित अग्रवाल शुक्रवार को चेकिंग के लिए खुद सडक़ पर उतर गए। उन्होंने जिलेभर में ताबड़तोड़ चेकिंग शुरू करवा दी। इस दौरान पुलिस ने चार लोगों को पिस्टल के साथ पकड़ा। उनसे पूछताछ की जा रही है। कई संदिग्ध लोगों को भी पकड़ा गया है। रात आठ बजे के बाद आईजी शहर के अंबेडकर चौराहे पर चेकिंग करने पहुंच गए। इससे अफरातफरी मची रही।
जनपद में लगातार हो रही घटनाओं के विरोध में आईजी मोहित अग्रवाल दो दिन से जिले में डटे हुए हैं। शुक्रवार सुबह वह लालगंज और रानीगंज थाने पहुंचे। यहां चौकीदारों और सिपाहियों के साथ एसओ और सीओ को बेहतर पुलिसिंग के गुर बताए। इससे पहले उन्होंने कोहड़ौर बाजार पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात और उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया। रात आठ बजे आईजी अचानक शहर के अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे और चेकिंग शुरू करा दी। इससे लोगों में हडक़ंप मच गया। इस दौरान एक युवक को पिस्टल के साथ पकड़ा गया। वह पिस्टल को लाइटर बताता रहा। उधर, पुलिस ने चेकिंग के दौरान चार और लोगों को अवैध पिस्टल के साथ दबोच लिया। कई संदिग्ध लोगों को उठाया गया। उनसे कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।
हर गांव से चिह्नित होंगे पांच-पांच ‘गुंडे’
प्रतापगढ़ में लगातार बढ़ रहे अपराध पर काबू पाने के लिए आईजी मोहित अग्रवाल ने नई कवायद शुरू की है। उन्होंने बीट सिपाहियों और चौकीदारों को हर गांव से पांच-पांच ऐसे लोगों की सूची बनाने के लिए कहा है जिनका गांव में आतंक है। उनके पास आमदनी का कोई जरिया नहीं है, लेकिन इसके बाद भी उनका रहन-सहन रईसों जैसा है। पुलिस ऐसे लोगों की सूची तैयार करने के बाद उनका नंबर सर्विलांस पर लगाएगी। साथ ही यह पता किया जाएगा कि उनका किन लोगों के साथ उठना-बैठना है। इसके बाद उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिसिंग में अब सबकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। अपराध नियंत्रण में बीट सिपाहियों और चौकीदारों की भी सहभागिता होगी। समीक्षा के दौरान यह सामने आया है कि जिले में नई उम्र के लडक़े अपराध में शामिल हैं। वह लूट, छिनैती, छेडख़ानी और यहां तक की हत्या जैसी वारदातों को भी अंजाम दे रहे हैं। इनका कोई रिकार्ड पुलिस के पास नहीं है। ऐसे लोग बिना नंबर की बाइक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनका गांव में भी आतंक है। आय का कोई साधन नहीं होने के बाद भी यह ठाट-बाट की जिंदगी जी रहे हैं। ऐसे में हर गांव से पांच-पांच लोगों की सूची तैयार कराई जाएगी। ऐसे लोगों के बारे में पूरी जानकारी करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
घर में अवैध असलहा है तो तीन दिन में जमा कर दें
आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि जिले में कई घरों में अवैध असलहे हैं। ऐसे में लोगों को तीन दिन की मोहलत दी गई है। जिनके भी पास असहले हैं वो पुलिस के पास जमा कर दें। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। अगर तीन दिन के बाद भी पुलिस असलहा बरामद करेगी तो यह माना जाएगा कि लोगों ने जानबूझकर अपराध करने के लिए घर में असलहे रखे हुए हैं। जिनके बारे में सूचना मिलेगी उनके घर को घेरकर तलाशी ली जाएगी।
इंस्पेक्टर सुधार करें, वरना दरोगा बनेंगे थानेदार
आईजी मोहित अग्रवाल ने जिले के थानेदारों को भी कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर यह मानकर न बैठें कि वही थानेदारी करेंगे। अगर परफार्मेंस ठीक नहीं रहा तो तेजतर्रार दरोगाओं को भी थानेदारी दी जाएगी।
कारतूस की दुकानों पर हुई जांच
आईजी मोहित अग्रवाल ने जिले में कारतूस की दुकानों पर भी छापा मारा। इस दौरान उनसे बिक्री किए गए कारतूस के बारे में जानकारी ली गई। किन लोगों को कारतूस बेचे गए हैं, पुलिस ने इसका रिकार्ड अपने पास रख लिया। आईजी ने बताया कि अब मिलान किया जाएगा कि क्या वास्तव में सूची में मौजूद लोगों को ही कारतूस बेच गए हैं।
स्वाट टीम ने चार लोगों को पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास से दबोचा
अधिवक्ता की हत्या करने की नियत से आए चार बदमाशों को स्वाट टीम ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास से दबोच लिया। उनके पास से पुलिस ने दो असलहे बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी शराब के नशे में धुत थे। ट्रेजरी चौराहे पर फायरिंग भी की थी। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।
नगर कोतवाली के कटरारोड करनपुर निवासी धर्मराज सिंह उर्फ लल्लू बाजी पुत्र राजेंद्र बहादुर सिंह अधिवक्ता हैं। वह शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास खड़े थे। इस बीच चार युवक पहुंचे और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। दो लोगों ने असलहा निकाल लिया।
इस बीच किसी ने पास में ही खड़ी स्वाट टीम को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों लोगों को हिरासत में ले लिया। अधिवक्ता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।