परिषदीय विद्यालयों में बच्चों शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए बेसिक विभाग ने नया आदेश जारी किया है। लगातार दो दिन तक बच्चे के विद्यालय न पहुंचने पर शिक्षक घर पहुंचकर कारण जानेंगे। अनुपस्थिति का कारण पता चलने पर प्रेरणा पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
जिले में 2375 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। पंजीकृत करीब दो लाख के सापेक्ष अधिकांश बच्चे विद्यालय प्रतिदिन नहीं पहुंचते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी की 60 फीसदी की बजाय अब 80 फीसदी उपस्थिति दर्ज की जाएगी। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन हाजिरी की मॉनिटरिंग की जाएगी। कम उपस्थिति वाले विद्यालयों की सूची भी तैयार की जाएगी।
समीक्षा में उपस्थिति कम मिलने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। बीएसए देवव्रत सिंह ने बताया इस पहल से विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ेगी। अभिभावक भी शिक्षा के प्रति जागरूक होंगे।