पट्टी कोतवाली के उडैयाडीह में भाई की बहु को पिलर में बांधती महिला।
- फोटो : PRATAPGARH
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के उड़ैयाडीह बाजार में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बाजार निवासी विवाहिता को उसके पति की बुआ ने मकान के पिलर से बांधकर पीटा। इस दौरान उसके तीन बच्चे वहीं बिलखते रहे, लेकिन किसी को भी मासूमों पर तरस नहीं आया। शोर सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने विवाहिता को मुक्त कराया।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवासी मोहम्मद अली ने बेटी तरन्नुम (33) की शादी 10 वर्ष पूर्व उड़ैयाडीह बाजार निवासी जियाउल के साथ की थी।
तरन्नुम की दो बेटियां व एक बेटा है। बड़ी बेटी अमन सात, मुस्कान पांच व बेटा इजहान चार वर्ष का है। तरन्नुम का आरोप है कि ससुराल के लोग उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे हैं। पति जियाउल समेत परिवार के लोग उसकी पिटाई करते हैं।
वह मुझे ससुराल में नहीं रहने देते। मंगलवार की सुबह करीब ग्यारह बजे उड़ैयाडीह बाजार में ही रहने वाली पति जिलाउल की बुआ नूरजहां ने परिवार के लोगों के सामने उसे रस्सी से मकान के पिलर में बांध दिया और पीटने लगी। इस दौरान उसके तीनों मासूम बच्चे बिलखते रहे।
हल्ला गुहार पर जुटे बाजारवासियों ने किसी तरह उसकी जान बचाई। पीड़िता ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। पट्टी कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।