दिसंबर 2023 तक प्रतापगढ़ से जंघई के बीच कैसे पूरा होगा ट्रैक दोहरीकरण
ट्रैक दोहरीकरण के बीच एक पुल और 69 पुलिया का होगा निर्माण
दिसंबर 2023 तक प्रतापगढ़ से जंघई के बीच कैसे पूरा होगा ट्रैक दोहरीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। रेलवे ट्रैक दोहरीकरण के दौरान प्रतापगढ़ से लेकर जंघई के बीच एक पुल और 69 पुलिया का निर्माण अधूरा है। जबकि दिसंबर 2023 तक ट्रैक दोहरीकरण का काम पूरा कर विभाग को हैंडओवर भी करना है।
गौरीगंज से जंघई के बीच ट्रैक दोहरीकरण की मंजूरी रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2018 में दिया था। गौरीगंज से अंतू के बीच ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा हो गया। नए ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। अंतू से जगेशरगंज तक का भी ट्रैक तैयार हो गया है। इसके बाद जगेशरगंज से प्रतापगढ़ तक निर्माण कार्य तेज रफ्तार में चल रहा है।
28 फरवरी तक कार्य पूरा होने के बाद मार्च से प्रतापगढ़-जंघई के बीच ट्रैक दोहरीकरण का कार्य शुरू करने की तैयारी में कार्यदायी संस्था है। इस रूट पर पड़ने वाले एक पुल और 69 पुलिया का अबतक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। जबकि कार्यदायी संस्था को दिसंबर तक ट्रैक दोहरीकरण का कार्य पूरा करना है। बगैर पुल और पुलिया के निर्माण के ट्रैक दोहरीकरण असंभव है।
जेई आरके ने बताया कि फरवरी तक जगेशरगंज से प्रतापगढ़ के बीच ट्रैक का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। पुल और पुलिया निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था अपने कर्मचारियों को लगाया है। उम्मीद है कि दिसंबर तक हर हाल में कार्य पूरा हो जाएगा।