छोटी दिवाली पर शनिवार को जिले में उल्लास देखने को मिला। कोई घर को झालरों, दीपों से सजाता रहा तो कोई बाजार में गणेश-लक्ष्मी, चूरा, गट्टा, लइया व सजावटी सामान खरीदता रहा। सुबह से लेकर देर रात तक बाजार पूरी तरह से गुलजार रहे। कपड़े और सोने-चांदी के जेवरों की दुकानों पर भीड़ उमड़ी।
गणेश-लक्ष्मी अंकित चांदी के सिक्कों की खूब मांग रही। लोगों ने दोपहिया, चार पहिया वाहन, बर्तन और कपड़े खरीदे। जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष मंजीत सिंह छाबड़ा के मुताबिक कारोबार एक अरब के पार रहा।
छोटी दिवाली पर शहर के बाबागंज, पंजाबी मार्केट, पल्टन बाजार, अंबेडकर चौराहा, जोगापुर, सदर बाजार में वाहन, सराफा, इलेक्ट्रानिक्स, बर्तन, कपड़ा तथा अन्य बाजारों में भी खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ का उत्साह कायम रहा। मिठाई की दुकान में काफी भीड़ देखी गई। साफ-सफाई के बाद बिजली की झालरो से घरों को सजाने का काम जारी रहा। दीयों का क्रेज भी खूब रहा।..
-
शहर से गांव तक जगमगाए
छोटी दिवाली पर शनिवार को शाम होते ही लोग अपने घरों को रोशन करने में जुट गए। शहर के पंजाबी मार्केट, अंबेडकर चौराहा, पल्टन बाजार, भंगवा चुंगी, बाबागंज में व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों को खूब सजाया। घरों की छतों पर दीये और मोमबत्तियां जलाई गई। रंग बिरंरी झालरों से गांव से लेकर शहर तक जगमगाता रहा।
-मोतीचूर के लड्डू की रही खूब मांग
दिवाली पर अबकी मोतीचूर के लड्डू की अधिक मांग रही है। मिठाई की दुकानों पर दिवाली के एक दिन पहले ही शनिवार को सुबह से ही मिठाई की दुकानों पर भीड़ देखी गई। दुकानों पर मिठाई की कई किस्मों के अलग अलग काउंटर बनाए गए थे। दुकानों पर अलग-अलग तौल के पैकेट रखे गए थे।