लूट में नाकाम बदमाशों ने पेट्रोलपंप संचालक के बेटे समेत दो को मारी गोली
गोली लगने से पेट्रोल लेने आए युवक की हालत गंभीर, प्रयागराज रेफर
पंप के पास एटीएम में कैश डालते समय बदमाशों ने अंजाम दी घटना,भारी फोर्स के साथ पहुुंचे आईजी
गौरा/रानीगंज। रानीगंज इलाके में मंगलवार की सुबह एटीएम का कैश लूटने आए दो बदमाशों ने पेट्रोलपंप संचालक के बेटे व ग्राहक को गोली मार दी। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पेट्रोल लेने आए युवक को प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर आईजी जोन व पुलिस अधीक्षक ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं।
फतनपुर थाना क्षेत्र के पटहटिया कला में हरीलाल चौरसिया ने किसान सेवा केंद्र के नाम से पेट्रोलपंप खोल रखा है। पेट्रोलपंप के एक कोने में टाटा हिताची कंपनी ने अपना एटीएम लगा रखा है। कंपनी से कमीशन के करार के तहत हरीलाल एटीएम में हर दिन सुबह कैश डालता है। मंगलवार की सुबह करीब सवा छह बजे हरीलाल का छोटा बेटा संतोष चौरसिया (35) लगभग तीन लाख रुपये एटीएम में डालने जा रहा था।
उसके साथ सेल्समैन रामसजीवन भी था। एटीएम में एक बदमाश पहले से ही घुसा था। जबकि उसका साथ बाइक लेकर कुछ दूरी पर खड़ा था। संतोष के कहने पर एटीएम बूथ के अंदर रहा बदमाश बाहर निकल गया। जैसे ही संतोष एटीएम के भीतर घुसा कि मौके की फिराक में खड़े बदमाश ने उसे तमंचा सटा दिया और रुपये लूटने का प्रयास करने लगा। विरोध करते हुए संतोष उससे भिड़ गया।
सेल्समैन वहां से शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागा। इस बीच बदमाश ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। जिससे संतोष के हाथ में गोली लग गई। बदमाश घबराकर रुपये से भरा बैग छोड़कर बाहर की ओर भागा। फायर की आवाज सुनकर पंप पर पेट्रोल लेने आया कैलीडीह निवासी रमाकांत यादव (25) बाइक से भाग रहे बदमाशों को पकडने के लिए दौड़ा। इस दौरान पीछे बैठे बदमाश ने रमाकांत को गोली मार दी। बुलेट उसकी आंख के नीचे जा घुसी और गर्दन की ओर से बाहर निकल गई। गोली लगते ही रमाकांत गिर पड़ा।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फतनपुर की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल संतोष व रमाकांत को उपचार के लिए गौरा पहुंचाया। यहां रमाकांत की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी के बाद एसपी अभिषेक सिंह व स्वाट टीम मौके पर पहुंची। एसपी ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें गठित कीं। कुछ देर बाद आईजी जोन केबी सिंह भी मौके पर पहुंचकर छानबीन करने लगे। एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि गोली लगने से रमाकांत की हालत गंभीर बनी हुई है। कैश लूटने में बदमाश नाकाम रहे। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली, धुंधली मिली तस्वीर
पेट्रोलपंप पर लगे एटीएम से कैश लूटने वाले बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी। एटीएम व पेट्रोलपंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा बदमाशों के भागने की दिशा में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की तलाश की जाती रही। घटनास्थल व आसपास मिले सीसीटीवी में कैद बदमाशों की तस्वीर धुंधली नजर आई। स्वाट टीम फुटेज से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कई दिनों से बदमाश कर रहे थे रेकी
पेट्रोलपंप परिसर में लगे एटीएम में प्रतिदिन संतोष कैश डालता था। चूंकि परिसर में ही एटीएम है। इसलिए किसी तरह के खतरे की कोई आशंका नहीं थी। एटीएम में कभी तीन तो कभी पांच लाख रुपये डाले जाते थे। हर दिन होने वाली निकासी के बाद संतोष को कमीशन मिलता था। इसकी जानकारी बदमाशों को भी थी। वह कई दिनों से रेकी कर रहे थे। यही कारण था कि कैश डालने से पहले ही एक बदमाश एटीएम बूथ के अंदर मौजूद था।