आसपुर देवसरा इलाके के सैफाबाद बाजार में घर का केबिल शार्ट करते देख तार काटने गए युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। एलटी लाइन पर 11 हजार वोल्टेज की सप्लाई आने के कारण हादसा हुआ। इस दौरान कई लोगों के घरों के उपकरण भी जल गए।
देवसरा इलाके के सैफाबाद बाजार निवासी राकेश कुमार (35) पुत्र रामबली के घर में मंगलवार सुबह आठ बजे लाइट आने के बाद केबिल से चिंगारी निकलने लगी। फाल्ट के कारण लोगों के घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया था। घर के भीतर आग लगने के भय से राकेश प्लास लेकर केबिल काटने पहुंच गया। इस दौरान वह करंट की चपेट में आकर झुलसने लगा। थोड़ी देर बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र होने के साथ दो बेटियों तथा एक पुत्र का पिता भी था। ग्राम प्रधान रामफेर के अनुसार विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ। उसके पड़ोस में लगे ट्रांसफार्मर पर 11 हजार वोल्टेज का तार टूटकर गिर जाने से लोगों के घरों में हाईवोल्टेज करंट उतर गया। गांव के बबलू पुत्र खलील, तफशील पुत्र नसरुद्दीन समेत अन्य पड़ोसियों के घरेलू इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। सूचना पर देवसरा पुलिस भी मौके पर पहुंची।