मृत सिपाही अतुल कुमार सिंह। फाइल फोटो
- फोटो : PRATAPGARH
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के हरदेव नगर के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने ड्यूटी पर जा रहे सिपाहियों की बाइक में टक्कर मारने के बाद उन्हें कुचल दिया। इससे एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
उसे रायबरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
नवाबगंज थाने में तैनात सिपाही अतुल कुमार सिंह यादव (24) पुत्र सत्येंद्र सिंह यादव निवासी खारविसे, थाना सिरसागंज, जिला फिरोजाबाद व रामअवतार यादव पुत्र किशुन यादव निवासी कटघर थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे बाइक से रायबरेली के बार्डर पर स्थित ब्रह्मरौली में पिकेट ड्यूटी पर जा रहे थे।
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर हरदेव नगर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी और दोनों सिपाहियों को कुचलते हुए गड्ढे में चला गया। बाइक के साथ दोनों सिपाही ट्रैक्टर में फंसकर गड्ढे में घिसटते चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला।
इसके बाद उन्हें एनटीपीसी ऊंचाहार ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अतुल की मौत हो गई। गंभीर रूप से जख्मी रामअवतार को रायबरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना के बाद चालक फरार हो गया। ट्रैक्टर रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के निहाली निवासी संतलाल पुत्र मातादीन का है। ट्रैक्टर चालक बल्ली लाद कर आलापुर की ओर जा रहा था। नवाबगंज पुलिस ने जेसीबी मंगाकर ट्रैक्टर में फंसी सिपाहियों की बाइक को बाहर निकाला। इसके बाद ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।