स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के दर्जन भर झोलाछापों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है। सीएमओ के निर्देश पर दो दिनों में अभियान चलाकर ऐसे फर्जी चिकित्सकों को चिह्नित किया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें पट्टी के सरसतपुर बहुता के दो, बंधवा बाजार के दो, मानधाता के एक, रानीगंज के जामताली बाजार, थरिया सुलतानपुर, जामताली रोड, संडिला व शाहपुर में क्रमश: एक-एक, और नगर कोतवाली के आजाद नगर बेल्हा देवी रोड निवासी एक झोलाछाप शामिल है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहले नोटिस भेजकर इन लोगों के खिलाफ तत्काल क्लीनिक बंद करने को कहा था। हालांकि इन पर कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद इनके खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा पंजीकृत कराने को तहरीर दी गई है। मानधाता के जिस नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ तहरीर दी गई है, उसके अस्पताल में हर रविवार इलाहाबाद में तैनात एक एसीएमओ आते हैं। वह तीन से पांच सौ रुपये फीस भी लेते हैं। कई बार लोगों ने इसकी शिकायत सीएमओ से की थी। डिप्टी सीएमओ जांच करने पहुंचे तो शिकायत सही पाई गई। सीएमओ डॉ. राजकुमार नैय्यर ने बताया कि अभियान चलाकर दर्जनों झोलाछापों को चिह्नित किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।