अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने के लिए रविवार को परीक्षार्थियों में गजब का उत्साह दिखा। सुबह दस बजे से होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए आठ बजे से ही परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों का जमावड़ा होना प्रारंभ हो गया था।
शहर के अष्टभुजानगर स्थित प्रभात एकेडमी में रविवार को पहली पाली में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति 2016 की परीक्षा हुई। जिले के कोने-कोने से आए बच्चों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह आठ बजे से ही एकत्रित होना प्रारंभ कर दिए थे। प्रवेश द्वार पर साढ़े नौ बजे से बच्चों की तलाशी के बाद अंदर जाने की अनुमति दी गई।
दस से बारह बजे तक हुई परीक्षा में कक्षा नौ और दस के 348 और कक्षा ग्यारह और बारह के 375 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस प्रकार कुल 723 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी किस्मत आजमाई। हालांकि परीक्षा में शामिल होने के लिए 1079 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। प्रभात एकेडमी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभात शर्मा ने परीक्षा कक्ष का निरीक्षण करके नकलविहीन परीक्षा कराई। वह परीक्षा कक्ष का भ्रमणकर छात्र-छात्राओं से उसकी समस्याओं को निस्तारित करते रहे।
पहली बार सीखा ओएमआर सीट भरना
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने आए अधिकांश छात्र-छात्राओं ने पहली बार ओएमआर देखी। इसलिए वह भरने के लिए कुल पल के लिए ठहर गए थे। हालांकि कक्ष निरीक्षकों के समझाने के बाद ओएमआर सीट भरी।