जिले के 17 विकास खंडों में 87-87 लाख रुपये की लागत से किसान कल्याण भवन बनाएं जाएंगे। पहले चरण में सदर और मंगरौरा विकास खंड को मंजूरी मिल गई है। इन किसान कल्याण केंद्रों पर किसानों को सभी सुविधाएं मिलने के साथ ही उनकी समस्याओं का निराकरण भी होगा।
कृषि विभाग में लगभग 25-25 वर्षों से भवन का निर्माण नहीं कराया गया था। जर्जर भवनों में रहने वाले कर्मचारियों को बरसात के दिनों में जहां परेशानी का सामना करना पड़ता था, वहीं भंडार गृहों में रखा बीज नष्ट हो जाता था। कृषि विभाग ने अब सभी विकास खंडों में किसान कल्याण भवन बनाने का फैसला किया है। 87-87 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन में ऊपर मीटिंग हाल और नीचे कार्यालय और गोदाम होगा। पहले चरण में सदर विकास खंड और मंगरौरा ब्लाक में भवन निर्माण कराने के लिए धनराशि को मंजूरी मिल चुकी है। जबकि दो और ब्लाकों के लिए धनराशि मिलने वाली है।
किसान कल्याण भवन में किसानों को खाद -बीज के साथ ही दवाएं भी मिलेंगी। किसानों को खेती से संबंधित किसी समस्या के लिए अब मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा, बल्कि किसान कल्या केंद्र से अपनी समस्या का निराकरण करा सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अश्विनी सिंह ने बताया कि ब्लाकों में भवनों का निर्माण होना से गांव के किसानों को काफी लाभ मिलेगा। ब्लाकों के भवन जर्जर हो गए थे, इसलिए नया भवन मिलना आवश्यक हो गया था।