फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दबंगों ने चालक-परिचालक को पीटा, रोडवेजकर्मियों ने लगाया जाम

विज्ञापन
चिलबिला पट्टी रोड ओझला मोड पर जाम लगाये रोडवेज चालक व कर्मचारी। - फोटो : PRATAPGARH
विज्ञापन
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के महुली स्थित ओझला मोड़ पर बुधवार को ट्रक को पास देने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने रोडवेज बस के चालक और परिचालक की पिटाई कर दी। आरोप है कि परिचालक से तीन हजार रुपये भी छीन लिए। इससे आक्रोशित रोडवेजकर्मियों ने पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर बस खड़ी कर जाम लगा दिया। इससे करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। जाम की सूचना मिलने पर पहुंचे नगर कोतवाल रोडवेज कर्मियों पर ही धौंस जमाने लगे। इससे रोडवेजकर्मी भड़क गए। कोतवाल से उनकी नोकझोंक हो गई। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
विज्ञापन

बुधवार की सुबह आठ बजे रोडवेज डिपो से एक बस वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। महुली मंडी गेट पर सवारियों को बैठाने के लिए चालक ने बस रोक दी। इस बीच पीछे से हार्न बजाते हुए ट्रक पहुंच गया। पास देने को लेकर बस और ट्रक के चालक के बीच विवाद हो गया। इस बीच ट्रक चालक ने फोन कर दस-बारह लोगों को बुला लिया। महुली मंडी से लगभग पांच सौ मीटर आगे ओझला मोड़ पर ट्रक चालक और उसके साथ रहे लोगों ने बस रोकवाने के बाद चालक अरुण कुमार सिंह और परिचालक जितेंद्र प्रताप सिंह की जमकर पिटाई कर दी। परिचालक के पास रहे तीन हजार रुपये छीन लिए। बीचबचाव करने वाले यात्रियों को भी पीटा गया। इससे नाराज चालक ने बस को सड़क के बीचोबीच खड़ी कर पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी मिलते ही रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश मंत्री सुरेशचंद्र पांडेय की अगुवाई में बड़ी संख्या में कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। करीब घंटेभर बाद पहुंचे नगर कोतवाल प्रवीण कुशवाहा ने रोडवेज कर्मियों पर ही पुलिसिया रौब झाड़ते हुए जाम खत्म करने को कहा। उन्होंने कर्मचारियों को सबक सिखाने की धमकी दे दी। इससे नाराज रोडवेज कर्मचारियों से उनकी जमकर नोकझोंक हुई। लगभग दो घंटे बाद पहुंचे सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय के आश्वासन पर कर्मचारियों ने जाम समाप्त किया। सीओ सिटी ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें