जिले के उन 12,621 पेंशनरों के लिए खुशखबरी है, जिनके खाते में पेंशन की राशि भेजने के बाद भी नहीं पहुंची है। विभाग ऐसे पेंशनरों के खाते में धनराशि भेजने की कवायद में जुट गया है। जून माह में यह धनराशि उनके खाते में पहुंच जाएगी।
जिले के 12,621 लोगों को समाजवादी पेंशन के तहत उनके खाते में धनराशि भेजी गई, मगर खाता नंबर और नाम गलत होने के कारण खाते में धनराशि नहीं पहुंची।
खाताधारकों को इंटरनेट पर खाते में रकम का भुगतान दिखाया जा रहा है, जबकि बैंक कर्मचारी खाते में धनराशि नहीं होने की बात कह रहे हैं। इससे पेंशनर विभाग और बैंकों का चक्कर लगा रहे थे। समाज कल्याण विभाग ने ऐसे पेंशनरों के खाते में धनराशि मुहैया कराने के लिए खाता नंबर और नाम को ठीक किया जा रहा है। समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि अभी तक लगभग पांच हजार खातों की गलतियों को सुधारा जा चुका है। उन्होंने बताया कि एनआईसी वेबसाइट इतनी धीमी चल रही है कि सभी खाता दुरुस्त करने में यह माह बीत जाएगा। प्रत्येक ब्लाक के लिए अलग-अलग आपरेटर लगाए गए हैं, खाता नंबर दुरुस्त होते ही उनके खाते में धनराशि भेज दी जाएगी।