कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की बालिकाओं को वित्तीय साक्षरता और डिजिटल कुशलता में दक्ष किया जाएगा। ऑनलाइन कोर्स के माध्यम से बालिकाओं को विशेष प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया जुलाई से की जाएगी। यूनिसेफ की ओर से वित्तीय साक्षरता और डिजिटल कुशलता का ऑनलाइन कोर्स तैयार किया गया है।
वित्तीय साक्षरता के 12 अध्याय और डिजिटल कुशलता के आठ अध्यायों का प्रशिक्षण छात्राओं को दिया जाएगा। यह कोर्स यूनिसेफ के युवा केंद्रित प्लेटफाॅर्म पर उपलब्ध है। वित्तीय लोन, बचत व ऋण लेने, निवेश, प्रबंधन कौशल और वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी दी जाएगी। सालभर चलने वाले प्रशिक्षण में बालिकाओं को ऑनलाइन जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के लिए बालिकाओं का पंजीकरण होगा। एक-एक शिक्षिका को नोडल के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बालिकाओं को वित्त और डिजिटल शिक्षा में दक्ष करने के लिए यूनिसेफ ने यह पाठ्यक्रम बनाया है। जुलाई माह में यह पाठ्यक्रम शुरू होगा।
नोडल शिक्षिका बालिकाओं को कोर्स पूरा करने में सहायता प्रदान करेंगी। दोनों प्रशिक्षण की अवधि लगभग 10-10 घंटे की है, जिसमें लगभग तीन घंटे का कोर्स वीडियो के रूप में और स्वअध्ययन, अभ्यास एवं मूल्यांकन के लिए होंगे।