हथिगवां थाना क्षेत्र के बरना टेंपो चालक के हत्यारों को खोजने में नाकाम पुलिस ने रिश्तेदार और प्रयागराज की रहने वाली युवती से सात घंटे तक पूछताछ की, हालांकि नतीजा शून्य ही रहा। पूछताछ के बाद सभी को घर जाने दिया गया।
प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सीताकुंड निवासी टेंपो चालक 25 वर्षीय रवि यादव की पेंचकस से गोदकर मंगलवार की रात बदमाशाें ने हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद बदमाश भाग निकले थे। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस बदमाशों को खोजने में नाकाम रही। मंगलवार की शाम ही मृतक रवि अपनी बुआ के बेटे सुनील को प्रयागराज से घर छोड़ने के लिए बाघराय के पचमहुआ भी आया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सुनील को पूछताछ के लिए बुलाया। करीब सात घंटे तक उससे पूछताछ की। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल आने के बाद उससे काफी देर तक बातचीत करने वाली प्रयागराज की युवती से भी पुलिस ने लंबी पूछताछ की। घटना के बाद से पुलिस लालगोपालगंज से लेकर घटनास्थल तक गहराई से छानबीन कर रही है। क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि पुलिस हत्यारों को चिन्हित करने में कामयाब हो गई है। चूंकि हत्यारे घर पर नहीं है। इसलिए अभी उनका नाम सामने नहीं ला रही। सीओ कुंडा अजीत सिंह ने बताया कि हत्यारों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही खुलासा होने की संभावना है।