पिता ने मेडिकल स्टोर संचालक पर लगाया आरोप, पुलिस से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। पेट दर्द की समस्या से परेशान ढाई माह की बच्ची की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा था। पिता का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने पर्चे पर दवा की डोज गलत लिख दी, जिससे बच्ची की जान चली गई। पुलिस को तहरीर दी है।
नगर कोतवाली के रूपापुर नई बस्ती निवासी अधिवक्ता आनंद कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रिद्धी को 13 जनवरी पेट में दर्द हुआ तो उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सरकारी पर्चे पर डॉक्टर ने दवा लिखकर बाहर से खरीदने के लिए बोला।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज गेट पर संचालित शिफा मेडिकल स्टोर से दवा खरीदी। मेडिकल स्टोर कर्मचारी ने दवा देने के साथ पर्चे पर मार्कर पेन से सुबह-शाम ढाई एमएल दवा पिलाने के लिए लिख दिया। घर पहुंचकर बच्ची को ढाई एमएल दवा पिलाई गई। थोड़ी देर बाद उसकी हालत बिगड़ी। बच्ची को फिर मेडिकल काॅलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।आनंद का कहना है कि चिकित्सकों ने बताया कि अधिक दवा देने के कारण बच्ची की मौत हो गई। डॉ. ने .5 एमएल दवा पिलाने के लिए पर्चे पर लिखा था। इस मामलें में आंनद कुमार सिंह ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने सीएमओ से जांच रिपोर्ट मांगी है। आनंद सिंह का यह भी आरोप है कि सीएमओ मेडिकल स्टोर संचालक को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
वर्जन
दोनों पक्ष का बयान हो गया है। जांच रिपोर्ट तैयार हो गई है। जल्द ही कोतवाली भेज दी जाएगी। कार्रवाई कोतवाली पुलिस करेगी।
- डॉ. जीएम शुक्ल, सीएमओ।