लखपतियों के घर छह-छह हजार रुपये की पेंशन पहुंचने के बाद अब समाज कल्याण विभाग ने 24 लोगों के खिलाफ रिकवरी का नोटिस जारी किया है। ‘अमर उजाला’ की पहल पर विभागीय अधिकारियों की जांच में 24 अपात्रों को पेंशन जारी करने का खुलासा हुआ था। संडवा चंद्रिका विकासखंड की ग्राम पंचायत गड़वारा और चौरा में अपात्रों को समाजवादी पेंशन देने के मामले का खुलासा अमर उजाला ने किया था। ग्राम पंचायत गड़वारा ने 71 पात्रों का प्रस्ताव भेजा था जबकि विभाग से 119 लोगों को पेंशन जारी कर दी गई थी। चौरा ग्रामपंचायत ने 36 पात्रों के नाम का प्रस्ताव भेजा था मगर विभाग से 116 लोगों को पेंशन जारी कर दी गई।
अमर उजाला के खुलासा करने पर मामले की जांच करने पहुंचे समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने अपात्रों को पेंशन जारी होने के मामले को गंभीरता से लिया। गड़वारा में 11 और चौरा गांव में 13 लोगों के अपात्र मिलने पर पेंशन की रकम छह-छह हजार रुपये रिकवरी का आदेश दिया है। गुरुवार को सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) राममूरत पांडेय ने चौरा और गड़वारा के अपात्रों को खोजकर सप्ताह भर के अंदर रिकवरी करने का पत्र थमाया है। एडीओ ने बताया कि समाज कल्याण अधिकारी के नाम बैंक ड्राफ्ट बनाकर विभाग में जमा करेंगे। उन्होंने चेताया है कि अगर सप्ताह भर में धनराशि नहीं जमा की गई तो आरसी जारी की जाएगी।