हाईवे पर हुए हादसे के मामले में दर्ज है मुकदमा, पुलिस कर रही विवेचना
नेवादा में है छिपा टैंकर चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर सोमवार को हुए हादसे में गैस टैंकर चालक भी घायल हुआ था, जिसका प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय में इलाज चल रहा था। बुधवार को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया और पुलिस को भनक तक न लगी।
हाईवे पर टैंकर पलटने से टेंपो सवार 12 लोगों की मौत हो गई थी। घटना वक्त अफरातफरी की वजह से टैंकर चालक पकड़ में नहीं आया था। मामले में मृत टेंपो चालक संतोष के भाई मनोज की तहरीर पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में उसका पता चल गया था।
एक दिन पहले लीलापुर थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र यादव ने बताया कि टैंकर चालक सतीश तिवारी का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। उससे भी पूछताछ होगी। विवेचना जारी है। जबकि बुधवार को सतीश तिवारी डिस्चार्ज होकर मऊआइमा के नेवादा स्थित अपने घर पहुंच गया। वहीं कहीं छिपा है।
अब थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र यादव का कहना है कि उनकी जानकारी में परिवार वाले उसे दूसरे अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए ले गए हैं। यदि ऐसा है तो वह विधिक कार्रवाई करेंगे।
हादसे में घायल मासूम अनुभव निवासी बंधुआ कला सुलतानपुर, टेऊंगा निवासी विमला देवी और विक्रमपुर निवासी अकबाल बहादुर सिंह का अभी एसआरएन में उपचार चल रहा है।
इनसेट
मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल
शोकाकुल परिवारों से बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल मिलने पहुंचा। इस मौके पर विधायक रामसिंह पटेल, विधायक डाॅ.आरके वर्मा, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पूर्व जिलाध्यक्ष भैयाराम पटेल, विधानसभा अध्यक्ष अहमद अली, वासिक खान, मो.असलम, जिलापंचायत सदस्य महेन्द्र यादव, साबिर अली, आरएलचतुर्वेदी, मनीष पाल मौजूद रहे।