-पुलिस ने बढ़ाई इनाम की राशि, कैबिनेट मंत्री को धमकी देने वाले सभापति के कथित भांजे का नहीं लगा सुराग
प्रतापगढ़। पुलिस मुठभेड़ व जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आसपुर देवसरा के ब्लाक प्रमुख पति गैंगेस्टर सभापति यादव पर इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। पुलिस ने 25 हजार से बढ़ाकर उस पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। लगातार तलाश के बाद भी वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहा है। उधर, कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को एनकाउंटर करने की धमकी देने वाला सभापति का कथित भांजा चंदन यादव भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।
गैंगेस्टर सभापित यादव के कथित भांजे चंदन यादव का कैबिनेट मंत्री मोती सिंह को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गत दिनों पट्टी कोतवाली के मुजाही बाजार में हुए विवाद के बाद प्रमुखपति सभापति यादव से पुलिस का टकराव हो गया था। मुजाही के रौनक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सभापति व उसके भाई सुभाष यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कुछ देर बाद पुलिस से भी सभापति की मुुठभेड़ हुई थी। जिसमें चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर लाइसेंसी व गैर लाइसेंसी असलहे बरामद किए थे। पुलिस ने बाद में सभापति व उसके भाई सुभाष के ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित किया। तब से वह फरार चल रहा है।
गैंगेस्टर एक्ट के तहत उसकी बेनामी संपत्ति पुलिस कुर्क कर चुकी है। बीते रविवार को सभापति के घर विनैका में जुटी भीड़ के दौरान खुद को सभापति का भांजा बताने वाले चंदन यादव ने कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह को जान से मारने की धमकी दी। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। चंदन और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही है। कुछ करीबियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर उस तक पहुंचने का प्रयास करती रही, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि फरार चल रहे सभापति यादव व उसके भाई सुभाष के ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम रखने के लिए अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। उसकी तलाश में लगातार पुलिस टीम लगी हुई है।