सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी का रविवार को थाने पहुंचना पुलिस के लिए बवाल बन गया। थाने पर पहुंची पीड़िता हंगामा करते हुए पुलिस से आरोपी को जेल भेजने की जिद पर अड़ी रही। हालांकि पुलिस ने आरोपी का बयान दर्ज कर उसे छोड़ दिया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर के ग्राम प्रधान करुणेश भारती उर्फ मम्मन, पवन सरोज व दो अन्य के खिलाफ एक महिला ने छेड़खानी सहित मारपीट करने का केस दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ आरोपियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किया गया है लेकिन पुलिस ने तहरीर बदलवाकर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया। न्यायालय में बयान के दौरान सामूहिक दुष्कर्म का बयान दिया। जिसके बाद उसका मेडिकल भी पुलिस ने कराया। पीड़िता का आरोप है कि मुकदमे के विवेचक आरोपियों से मिले हैं। अभी तक मुकदमे में सामूहिक दुष्कर्म की धारा नहीं बढ़ाई गई और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी। आरोपियों द्वारा सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिसकी शिकायत उसने अधिकारियों सहित जनसुनवाई पोर्टल पर भी की है। रविवार को सुबह करीब सवा नौ बजे आरोपी प्रधान करुणेश भारती उर्फ मम्मन थाने पहुंचा। जानकारी होने पर पीड़िता भी थाने आ गई। पुलिस वालों से आरोपी करुणेश की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। पुलिस उसकी बातों को अनसुना किया तो वह हंगामा करने लगी। बाद में उसे समझाबुझाकर घर भेजा गया। हालांकि घटनाक्रम पुलिस की सीसीटीवी में कैद हो गया। सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता का कहना है कि आरोपी को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जिस धारा में मुकदमा लिखा गया है, उस धारा में गिरफ्तारी नहीं है। साक्ष्य संकलन के बाद विवेचना के आधार पर अगर धारा में बढ़ोतरी होगी तो कार्रवाई की जाएगी।