माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की प्री-बोर्ड व नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 11 से 21 जनवरी तक कराने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए थे। तय समय सीमा के बाद भी परीक्षाएं नहीं सकीं। जिम्मेदारों ने यूपी बोर्ड का आदेश भी दरकिनार कर दिया है।
जिले में 600 से अधिक विद्यालयों में कक्षा नौ में 51,597 और कक्षा 11 46319 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। जिनकी वार्षिक परीक्षा 11 से 21 जनवरी के बीच होनी थी। लेकिन, आदेश के बाद भी इसे शुरू नहीं किया गया। जबकि हाईस्कूल के 51,843 व इंटर के 51,856 छात्र पंजीकृत हैं। इनकी भी प्री बोर्ड की परीक्षाएं इसी तिथि के बीच होनी थी। लेकिन, यह भी नहीं शुरू हो सकी।
26 जनवरी के बाद नौवीं और 11वीं वार्षिक परीक्षा का अनुमान
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक विद्यालयों में 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 25 जनवरी तक संपन्न होने की संभावना है। जबकि 26 जनवरी के बाद कक्षा नौवीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने के अनुमान हैं। नाम न छापने की शर्त पर प्रधानाचार्यों ने बताया कि शहर व ग्रामीण अंचल के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षाओं का कोरम पूरा किया जा रहा है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड व कक्षा नौवीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं कराने के संबंध में सभी प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर निर्देश दिए गए थे। समय पर प्री-बोर्ड परीक्षाएं व वार्षिक परीक्षाएं क्यों नहीं हुईं, इस संबंध में जवाब मांगा जाएगा।
- ओमकार राणा, जिला विद्यालय निरीक्षक