रामराज इंटर कॉलेज पट्टी में शिक्षक की नौकरी देने के नाम पर जमीन का बैनामा कराने व कब्जा न देने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता श्याम किशोर व उनके पुत्रों समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के चिलबिला पूर्वी निवासी रामराज त्रिपाठी का आरोप है कि जनवरी 2013 में उसके घर बराछा के रहने वाले ओमप्रकाश पांडेय आए। कहा कि आपकी बेटी अंशु को रामराज इंटर कॉलेज में शिक्षक की नौकरी मिल सकती है।
बेटी के बेहतर भविष्य को देखते हुए वह पुराना माल गोदाम रोड स्थित कांग्रेस नेता श्याम किशोर शुक्ल के पास गया। यहां नियुक्ति के बदले आठ लाख रुपये की मांग की गई। रुपये न देने पर चिलबिला स्थित जमीन ओमप्रकाश पांडेय के नाम एग्रीमेंट कर दी। इकरारनामा होते ही 29 मार्च 2013 को उसकी बेटी अंशु को रामराज इंटर कॉलेज में शिक्षक का नियुक्ति पत्र मिल गया। बाद में नौकरी व वेतन के नाम पर भी धर्मेंद्र व प्रशांत ने दबाव बनाकर जमीन अपने नाम बैनामा करा ली।
बाद में वेतन नहीं मिलने पर नौकरी को लेकर वह श्याम किशोर शुक्ला से मिला। जहां मौजूद लोगों ने दो दिन में जमीन पर कब्जा देने को कहा। मना करने पर उन लोगों ने धमकी देते हुए भगा दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने बराछा के रहने वाले ओमप्रकाश पांडेय, कामता प्रसाद पांडेय, कांग्रेस नेता श्याम किशोर शुक्ला, उनके बेटे धर्मेंद्र शुक्ला, प्रशांत शुक्ला व रामचंद्र मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि कुछ अन्य लोगों ने भी प्रार्थना पत्र दिए हैं। जिसे मुकदमे में शामिल कर विवेचना की जाएगी।