आसपुर देवसरा थाना के ढकवा बाजार में संचालित प्रतीक हॉस्पिटल के डॉक्टर के खिलाफ डिप्टी सीएमओ ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दिए तहरीर के माध्यम से डिप्टी सीएमओ ने बताया कि डॉक्टर के पास होम्याेपैथी की डिग्री है। मरीजों का खुद ऑपरेशन कर उनके जान के साथ खिलवाड़ करता है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आजाद ने बताया कि डॉक्टर की लापरवाही से चार साल के बालक शिवांश की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों में राधा देवी, मनभावती, सरजू देवी ने बताया कि उनका भी ऑपरेशन डॉ. पंकज पाल ने ही किया है। डिप्टी सीएमओ की तहरीर पर आसपुर देवसरा पुलिस डॉक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी व राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।