जनपद में अलग-अलग सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत चार लोगों की मौत हो गई। तीन हादसे आसपुर देवसरा और एक महेशगंज में हुआ है। हादसे के बाद घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा रहा।
बेकाबू ट्रैक्टर ने बुजुर्ग को कुचला, अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की गई जान : आसपुर देवसरा। थाना क्षेत्र धनसर निवासी 65 वर्षीय पारस मिश्रा बुधवार की देर रात खाना खाने के बाद घर से निकले। गांव के बाहर शिवराम यादव की दुकान के पास बेकाबू ट्रैक्टर उन्हें रौंदते हुए आगे निकला। घटना के बाद ट्रैक्टर की चपेट में आने से पारसनाथ, सेशी व कल्लू बाल-बाल बचे। घटनास्थल पर ही पारस की मौत हो गई।
खबर मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आवश्यक कार्रवाई करती रही। मृतक के छह बेटियां हैं। जिसमें से पांच की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी कामिनी अभी पढ़ रही है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
वहीं, दूसरी घटना में बुधवार रात तेलियानी निवासी 55 वर्षीय दुल्ला देवी घर से खेत देखने के लिए निकली। तेलियानी नहर के करीब अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। आवाज सुनकर परिजन दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक के पुत्र ओमप्रकाश यादव व बेटी प्रमिला रोती बिलखती रहीं। देर शाम परिजनों ने गमगीन माहौल में इब्राहिमपुर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।