झांसा देकर एटीएमकार्ड का क्लोन तैयार कर रुपये उड़ाने वाले चार बदमाशों को अंतू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पकड़े गए बदमाशों के पास से 27 एटीएमकार्ड , 14 हजार नकदी और स्वैप मशीन बरामद हुई है।
अंतू पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार की शाम रामनगर ईंट-भट्ठे के पास से कार सवार चार बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 27 एटीएम, दो स्वैप मशीन, चार मोबाइल व 14 हजार नकदी बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में हत्थे चढ़े बृजेश कुमार निवासी रखहा थाना कंधई ,रोहित शुक्ला निवासी मोहनगंज थाना कोतवाली नगर, धीरज उर्फ जुगनू निवासी भुवालपुर डोमीपुर थाना जेठवारा व मुन्ना शर्मा निवासी पुरे खुशई कोतवाली नगर ने बताया कि वह लोग एटीएम के आसपास मंडराते रहते हैं। मौका पाते ही रुपये निकालने पहुंचे व्यक्ति का एटीएमकार्ड लेकर मशीन में स्वैप कर लेते थे।
इसके बाद एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर रुपये उड़ा देते थे। इसके अलावा एटीएमकार्ड बदलकर व धोखे से पिनकोड हासिल करने के बाद भी रुपये उड़ाते थे। लोगों की मेहनत की कमाई पलभर में उड़ाने के बाद वे अपना शौक पूरा करते थे। पकड़े गए बदमाशों के साथी विजय कुमार सिंह निवासी लीलापुर लालगंज की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने चारों बदमाशों को जेल भेज दिया।