संडवा चंद्रिका ब्लॉक के कटका मानापुर ग्राम सभा में 3.76 करोड़ से बनी पानी की टंकी से कई गांवों में पाइप लाइन टूटने के कारण पेयजल आपूर्ति नहीं होने का ठीकरा जल निगम के अधिशासी अभियंता तौसीफ अहमद ने अहमदाबाद की फर्म पर फोड़ा है।
अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में छह किमी की जगह 100 मीटर में हो रही पेयजल आपूर्ति शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर जिला विकास अधिकारी केएन पांडेय ने जल निगम के अधिशासी अभियंता तौसीफ अहमद को नोटिस भेजकर तत्काल जवाब मांगा।
जिला विकास अधिकारी को दी आख्या में अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन रेट्रोटिफिंग कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020-21 में स्वीकृत संडवा चंद्रिका विकास खंड के कटका मानापुर पेयजल योजना का सुदृढ़ीकरण का कार्य पूर्णकर योजना संचालित करते हुए संबंधित ग्राम पंचायत को 18 जून 2022 को हस्तांतरित किया जा चुका है।
वर्तमान में उप्र जल निगम की समस्त पुरानी पेयजल योजनाओं को पूर्ण रूप से क्रियाशील करते हुए 10 वर्ष के संचालन एवं रखरखाव के लिए मेसर्स एलसी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद गुजरात को कार्य आवंटित किया गया है। उक्त पेयजल योजना का सर्वेक्षण एवं डीपीआर गठन का कार्य फर्म द्वारा किया जा रहा है।