स्टेडियम में अभ्यास करतीं महिला खिलाड़ी। संवाद
प्रतापगढ़। स्टेडियम में चार साल बाद भी ओपन जिम का निर्माण नहीं हो सका है। 2021 में तत्कालीन जिला क्रीड़ा अधिकारी भानु प्रसाद ने ओपन जिम के निर्माण के लिए खेल मंत्रालय को पत्र भेजा था, लेकिन अभी तक भूमि आवंटित नहीं हो सकी। जिस वजह से खिलाड़ियों को व्यायाम का मौका नहीं मिल पा रहा है।
स्टेडियम में विभिन्न खेलों के 250 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वह मैदान में व्यायाम का अभ्यास कराते हैं। स्टेडियम में ओपन जिम न होने से खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी असर पड़ रहा है। वह निजी जिम में पसीना बहा रहे हैं। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है।
क्रिकेटर चंदन पाल और अर्पित यादव ने बताया कि उन्हें निजी जिम में जाकर व्यायाम करना पड़ता है। साथ ही शुल्क भी देना पड़ता है। स्टेडियम में ओपन जिम का निर्माण हो जाए तो सभी खिलाड़ियों का काफी सहूलियत मिलेगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनमलता राज ने बताया कि ओपन जिम के लिए स्टेडियम में भूमि आवंटन नहीं होने से निर्माण कार्य नहीं हो सका। ओपन जिम बनने से खिलाड़ियों को काफी सहूलियत होगी। 2021 में खेल मंत्रालय को ओपन जिम निर्माण के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन अभी तक निर्माण नहीं हुआ।