फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News: कर्ज चुकाने के लिए सराफ ने रची थी लूट की साजिश

विज्ञापन
विज्ञापन
देल्हूपुर थाना क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल के पास शुक्रवार की रात अमेठी के सराफ रितेश मौर्या से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। सराफ ने कर्ज चुकाने के लिए खुद ही साथी कारीगर के लाखों रुपये लुटवाने की साजिश रची थी। पुलिस ने सराफ समेत तीन आरोपियों का चालान न्यायालय कर दिया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लूटे गए 9.60 लाख रुपये व तीन किलो चांदी बरामद की। घटना का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि अमेठी के रामगंज बाजार में आभूषण का कारोबार करने वाले रितेश मौर्या ने लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना उस समय हुई थी, जब वह अपने जौनपुर के रहने वाले कारीगर मित्र विकास सोनी के साथ कार से घर लौट रहा था। पकड़े गए कोहड़ौर के लोकई का पुरवा निवासी अनुज दुबे ने बताया कि वह रितेश के बहकावे में आ गया था।
रितेश पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की उधारी थी। रुपये मांगने पर उसने कुछ योजना बनाने की बात कही। कुछ दिन पहले रितेश मौर्या ने उसे बताया कि छह फरवरी को वह कार से विकास सोनी के साथ प्रयागराज खरीदारी करने जाएगा। वापसी के दौरान गजेहड़ा के करीब तमंचा दिखाकर उसके जेवरात व रुपये लूट लेना है। उधार के रुपये मिल जाएंगे और उसका दूसरा कर्ज भी चुकता हो जाएगा।
विज्ञापन

साथ ही बैंक की बीमा पॉलिसी से धनराशि भी मिल जाएगी। उसने अनुज को तमंचा खरीदने के लिए 20 हजार रुपये भी दिए थे। योजना के अनुसार अनुज ने अपने देहात कोतवाली के राजगढ़ निवासी अवनीश कुमार तिवारी उर्फ आयुष तिवारी व कोहड़ौर के हनियापुर निवासी केट्टम दुबे के साथ वारदात को अंजाम दिया।
हालांकि घटना के बाद रितेश आरोपियों से संपर्क में नहीं आया, जिससे लूटे गए करीब 9.60 लाख रुपये व चांदी का बंटवारा नहीं हो सका। अनुज की निशानदेही पर उसके घर लूट के रुपये, चांदी और बाइक बरामद हुई।
एसपी ने बताया कि अवनीश व अनुज पर दो-दो प्राथमिकी दर्ज हैं। सराफ समेत तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। फरार आरोपी केट्टम दुबे की तलाश में पुलिस टीम लगी है। प्रेस वार्ता में एएसपी पूर्व शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा, सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी व थानाध्यक्ष देल्हूपुर राधेबाबू मौजूद रहे।

नैनीताल भी घूम आए अनुज व अवनीश
पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपी अवनीश व अनुज घटना को अंजाम देने के बाद नैनीताल घूमने चले गए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से सभी को खोज निकाला।

पुलिस की चिंता छोड़ो, आएगी पूछताछ कर लौट जाएगी
पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि अनुज ने रितेश से कहा था कि पुलिस की टेंशन मत लेना। सूचना देने पर डायल 112 के पुलिसकर्मी पहुंचेंगे। पूछताछ व तहरीर लेकर चले जाएंगे। घटना के बाद पुलिस ने सराफ को पूछताछ के लिए रोक कर रखा। उसे छुड़ाने के लिए पैरवी भी की गई। लेकिन, रितेश के आजाद न होने पर अनुज समेत घटना में शामिल आरोपी रुपये का बंटवारा नहीं कर सके।

बच गई विकास की चार किलो चांदी, रितेश को नहीं थी भनक
जौनपुर का रहने वाला विकास सोनी घूम-घूमकर आभूषण का ऑर्डर लेता है। घटना के दिन रितेश के साथ वह प्रयागराज गया था। वहां उसे चांदी की बिक्री का 15 लाख रुपये लेना था लेकिन दुकानदार ने उसे 9.60 लाख रुपये ही दिए। उसने रुपये रितेश के चांदी वाले बैग में रख दिए। प्रयागराज ही से विकास जौनपुर जाना चाहता था लेकिन रास्ते में कुछ खाने पीने की बात कहते हुए विकास को रितेश अपने साथ लेकर अमेठी के लिए चल पड़ा। इस बीच चार किलो चांदी विकास ने कार के आगे सीट के नीचे रख दी। जिसकी जानकारी रितेश को नहीं थी। ऐसे में विकास की चार किलो चांदी बच गई। 26 जनवरी व पांच फरवरी को भी घटना को अंजाम देने का प्लान बना था लेकिन बाद में उसे रद्द करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें