दो बाइक सवार पांच युवकों ने तमंचा सटाकर व्यापारी को लूटा
- दिन दहाड़े हुई लूट से इलाके के व्यापारियों में फैली दहशत, नवाबगंज के हरदेव नहर भिटारी के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा (कौशाम्बी)। घर से दुकान जा रहे सराफा कारोबारी से दो बाइक पर सवार पांच लोगों ने दिनदहाड़े तमंचा सटाकर सात किलो चांदी और 900 ग्राम सोना लूट लिया। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पड़ोसी जनपद रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली अंतर्गत कोटरा बहादुरगंज गांव निवासी विजय अग्रहरी ने नवाबगंज थाने से थोड़ी दूर चौराहा पर आभूषणों की दुकान खोल रखी है। सोमवार की सुबह लगभग दस बजे वह अपनी बाइक से आभूषणों से भरा बैग लेकर दुकान के लिए निकले थे। जैसे ही वह नवाबगंज के हरदेव नगर भीटारी मोड़ के पास पहुंचे, वहां पहले से एक पल्सर और एक अपाचे बाइक लेकर खड़े पांच लोगों ने विजय के सामने आ गए। जब तक विजय कुछ समझ पाते वह लोग आभूषणों से भरा बैग छीनकर भागने लगे। विजय ने लुटेरों से संघर्ष किया तो उन्होंने तमंचा निकाल कर विजय के ऊपर तान दिया और बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित विजय ने बताया कि बैग में सात किलो चांदी और 900 ग्राम सोना था। पीडि़त ने घटना की जानकारी नवाबगंज पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कुंडा सीओ अजीत सिंह व नवाबगंज एसओ धीरेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। संवाद
इनसेट
लूट के बाद फैली दहशत
कुंडा। नवाबगंज के कारोबारी विजय अग्रहरि से दिन दहाड़े हुई लूट से व्यापारियों में दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि दिन में बदमाश लूट को अंजाम दे रहे है। और पुलिस मात्र जांच करती रहतीं है।