कार से नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले पांच तस्करों को पुलिस ने पकड़ लिया है। तलाशी के दौरान उनके पास से 36 ग्राम स्मैक, 16 ग्राम चरस व 7 किलो गांजा बरामद हुआ। मुख्य आरोपी भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय के अनुसार मानिकपुर थानाध्यक्ष दीप नारायण शुक्रवार की सुबह मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की तलाश में मुंदीपुर में दबिश दी। पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी राजेश मिश्रा भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर मदन मिश्रा के घर के पास से कार सवार पांच लोगों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से सात किलो गांजा, 36 ग्राम स्मैक और 16 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के तुसरौर निवासी सुनील कुमार यादव, वनिगांव निवासी हीरा सिंह, नगर पंचायत खानजादा निवासी सरवर अली, छवइयन टोला निवासी अनुराग तिवारी व आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के फरिहा निवासी मो. दाऊद खान ने बताया कि बरामद गांजा, स्मैक व चरस मुंदीपुर के रहने वाले राजेश मिश्रा से खरीदा है। जिसे वे लोग अपने इलाके में ले जाकर बेचते थे।
इसके पहले भी वे लोग राजेश से मादक पदार्थ खरीदकर ले जा चुके हैं। मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया। कार को सीज करने के साथ ही फरार मुख्य तस्कर राजेश की तलाश में दबिश दी जा रही है।