प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना समाजवादी पेंशन का भी शनिवार को सूबे के प्राविधिक शिक्षा मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा ने शुभारंभ किया। उन्होंने पांच सौ लाभार्थियों को परिचय पत्र दिया। जिले के 78000 लोगों को इस योजना के लिए चिह्नित किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने गरीबों के लिए शासन से संचालित योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। भरोसा दिलाया कि सरकार गरीबों के उत्थान व जिले के विकास को लेकर काफी चिंतित है। उन्होंने कई राजकीय मॉडल स्कूलों का लोकार्पण भी किया।
प्राविधिक शिक्षामंत्री ने कहा कि जिले में कुल 78 हजार गरीब पात्रों को समाजवादी पेंशन का लाभ मिलेगा। बताया कि राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खुलवाने वाले दो हजार 469 पात्रों का पैसा भेज दिया गया है। अन्य पात्रों के खाते में भी 31 दिसंबर तक पेंशन का पैसा भेजा जाएगा। कहा कि हर पात्र को प्रति माह 500 रुपये समाजवादी पेंशन के रूप में मिलेगा। एक साल के बाद महंगाई भत्ते के रूप में सभी पेंशनरों की पेंशन में 50 रुपये की वृद्धि होगी। इस तरह लाभार्थियों को कुल 750 रुपए तक पेंशन मिलेगी। मंत्री कहा कि अधिकारियों ने जिले में अब तक 70 हजार 127 लाभार्थियों का चयन कर लिया है। उन्हें पेंशन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस बीच उन्होंने किशोरी सशक्तीकरण योजना के तहत 30 प्रशिक्षण प्राप्त किशोरियों को प्रमाण पत्र के साथ ट्रेनिंग में मिलने वाले 400 रुपये भी दिए। इसके बाद राजकीय मॉडल स्कूल कुराडीह शिवगढ़, पुरैला, हरनाहरपुर, का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष भइयाराम पटेल, डीएम सुरेन्द्र सिंह त्रिपाठी, सीडीओ मनीष कुमार वर्मा, एडीएम पुनीत शुक्ला, डीपीओ डॉ. आरती सिंह, समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह, समाजसेवी रोशनलाल ऊमरवैश्य, महेन्द्र पांडेय आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन डीजीसी सिविल विवेक उपाध्याय ने किया।