महिलाओं पर सिगरेट का धुआं उड़ाने वाले इंस्पेक्टर को पांच दिन बाद ही इनाम, सौंपी थाने की कमान
बीस जुलाई को कप्तान ने किया था संग्रामगढ़ एसओ रहे इंस्पेक्टर प्रवीण कुशवाहा को सस्पेंड
डीआईजी व एसपी की बैठक में आल इज वेल, फिर आधी रात को कोहड़ौर एसओ लाइन हाजिर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतागपढ़। जिले की पुलिसिंग सुधारने के लिए एसटीएफ से आए एसपी अभिषेक सिंह ने शुरुआत में तेजी दिखाई और उनकी कार्रवाई का असर भी दिखा, लेकिन गुरुवार को आधी रात लिए गए उनके एक फैसले ने लोगों को चौंका दिया। जांच के दौरान महिलाओं पर सिगरेट के धुएं का छल्ला उड़ाने वाले सस्पेंड इंस्पेक्टर प्रवीण कुशवाहा को एसपी ने पांच दिन बाद ही बड़ा इनाम दे दिया। उसे बहाल करते हुए कोहड़ौर थाने की कमान सौंप दी। जबकि कोहड़ौर एसओ रहे उदय त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया। डीआईजी व एसपी के साथ बैठक में सबकुछ आल इज वेल होने के बाद भी एसपी ने कोहड़ौर एसओ उदय त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर आदेश सुना दिया। जिसे लेकर पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
संग्रामगढ़ के थानाध्यक्ष रहे प्रवीण कुशवाहा 20 जुलाई को गुलनार खुर्द में कल्लू धोबी की संदिग्ध मौत की जांच के दौरान परिवार के लोगों से बातचीत करते हुए सिगरेट की कश खींचते हुए धुएं का गुबार उड़ाते रहे। उनका सिगरेट पीते हुए एक वीडिया वायरल हुआ था, जिसमें वह मृतक के परिवार की महिलाओं पर सिगरेट के धुएं के छल्ले उड़ा रहे थे। यह वीडियो देखने के बाद एसपी ने खुद माना कि थानाध्यक्ष ने अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरती है। जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया। पांच दिन बाद ही निलंबित थानाध्यक्ष संग्रामगढ़ को गुरुवार की आधी रात को एसपी ने बड़ा इनाम दे दिया। कोहड़ौर थानाध्यक्ष उदय त्रिपाठी को आधी रात के बाद लाइन हाजिर का फरमान सुनाया गया। उनके स्थान पर सिगरेट के धुएं का छल्ला उड़ाने वाले निलंबित इंस्पेक्टर प्रवीण कुशवाहा को कोहड़ौर थाने की कमान सौंप दी। जिसे लेकर पुलिस महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। गुरुवार की शाम तीन घंटे तक डीआईजी कोहड़ौर थाने की समीक्षा के दौरान संतुष्ट नजर आए थे। रात में एसपी के ओआर के दौरान भी कोई कमियां नहीं मिली थीं। चर्चा होती रही कि सफारी कार से असलहे की बरामदगी और मुकदमा दर्ज करने की वजह से उदय त्रिपाठी को पैदल होना पड़ा।