पुलिस ने बाइक चोरी और अवैध असलहों की तस्करी करने वाले बड़े गिरोह को पकड़ा है। पांच बदमाशों को चोरी की छह बाइक, तीन तमंचा और एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
कोतवाली पुलिस सोमवार की दोपहर में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक जगह कुछ लोग चोरी की बाइक के साथ खड़े हैं। वह अवैध असलहों का व्यवसाय भी करते हैं। इस पर पुलिस ने पुराना कुंडा से मौली जाने वाले मार्ग पर एक बाग में छापेमारी की। इस दौरान वहां पांच लोग पकड़े गए। उनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक बरामद की गई। इसके साथ ही एक पिस्टल, तीन तमंचा और दर्जनभर कारतूस बरामद की गई।
पकड़े गए युवकों में हथिगवां थाना क्षेत्र के देवीगढ़ बेंती निवासी अंकित तिवारी पुत्र सुरेश तिवारी, बेंती खास निवासी नफीस अहमद पुत्र सुफैल अहमद, कुंडा के छोटी चकिया मौली निवासी अंशू शुक्ला पुत्र मनोज कुमार, चौसा निवासी रजनीश शर्मा पुत्र कृपाशंकर, अत्तानगर निवासी आशू पांडेय पुत्र दिव्य दर्शन पांडेय शामिल हैं। सीओ राधेश्याम ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया। बदमाशों ने जिनकी बाइक चुराई थी, उनमें से दो लोगों के बारे में जानकारी मिल गई है।