शहर के मकंद्रूगंज स्थित आनंद बेकरी में सोमवार भोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान का सामान जलकर राख हो गया। फायरब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान मोहल्ले में हड़कंप मचा रहा। लोग अनहोनी की आशंका से भयभीत रहे।
मकंद्रूगंज निवासी शिवकुमार पंजवानी ने अपने घर के करीब ही आनंद बेकरी खोल रखी है। फैक्ट्री का सामान आवासीय परिसर में स्थित दुकान में बिक्री के लिए रखा जाता है। सोमवार भोर में दुकान के भीतर शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान के ऊपरी हिस्से में शिवकुमार का परिवार बेखबर सोता रहा। दुकान के भीतर लगी आग धीरे-धीरे बढने लगी थी। करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ले के लोग उठे तो दुकान के भीतर से धुआं उठता देख सन्न रह गए। शोरशराबे पर शिवकुमार व आसपास के लोग निकलकर भागे।
बस्ती के बीच आग लगने की खबर से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मोहल्ले के लोग अपने बच्चों को लेकर घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर फायरब्रिगेड के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने लगे। करीब एक घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान के भीतर रखा खाद्य पदार्थ व मिठाई, इनवर्टर समेत अन्य सामान जल चुके थे। आग की खबर मिलने पर मकंद्रूगंज पुलिस चौकी के सिपाही भी मौके पर पहुंच गए।