गुरुवार की शाम चौक घंटाघर के करीब सराफ के कारखाने में आग लग गई। कारखाने में ही घरेलू गैस सिलेंडर रखा था। जिसे किसी तरह लोगों ने नाले में फेंक दिया। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड ने किसी तरह आग बुझाई। इस दौरान लंबा जाम लगा रहा। चौक घंटाघर के करीब मदन सोनी का जेवरात बनाने का कारखाना है। नीचे कारखाना है और ऊपर परिवार के लोग रहते हैं। लोगों की मानें तो शाम को अचानक शार्ट सर्किट से कारखाने में आग लग गई।
कारखाने में ही घरेलू गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। आग की चपेट में सिलेंडर में लगी पाइप भी आ गई। तब तक किसी की नजर सिलेंडर पर पड़ गई और लोगों ने उसे मशक्कत के साथ बाहर निकाला और सड़क किनारे नाले में फेंक दिया। सूचना मिलने पर फायरब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। हालांकि इस बीच दुकान के काफी सामान जलकर राख हो चुके थे। घटना के दौरान ऊपर मंजिल पर रहने वाला परिवार पीछे के रास्ते से बाहर निकल आया। लोगों का मानना है कि रात होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फायरब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि आग लगने की वजह शार्ट सर्किट है। फिर भी घटना की छानबीन की जा रही है कि आग किस वजह से लगी और आग बुझाने के यंत्र दुकान पर मौजूद थे कि नहीं।