शहर के करनपुर में एसडीएम कुंडा के स्टेनोग्राफर अनुराग श्रीवास्तव के घर शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। हादसे में घर के बरामदे में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पिघल कर गिर गए। दरवाजे और खिड़कियां भी जल गईं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
करनपुर निवासी अनुराग श्रीवास्तव ने घर के पहली मंजिल की छत के बरामदे में फॉल सीलिंग कराई थी। फॉल सीलिंग के बीच-बीच में गैप होने की वजह से चूहों ने बिजली के तारों को काट दिया था। रात करीब नौ बजे परिवार के लोग बैठे हुए थे।
अचानक तेज आवाज के साथ शॉर्ट-सर्किट होने से घर में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम छत पर पहुंची। पानी की बौछार से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड यूनिट सदर के प्रभारी राधेश्याम दुबे ने बताया कि आग लगने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और लकड़ी के दरवाजे-खिड़कियां व सजावटी सामान जल गए हैं।