इलाके के मुजाही बाजार में बुधवार शाम एक टेंट हाउस की गोदाम में लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। अंदेवरी निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव कुमार वर्मा की दो तल पर बने गोदाम में शाम लगभग 7:30 बजे अचानक आग लग गई। जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों को इसे बुझाने के लिए ढाई घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और बचाव कार्य के बाद रात लगभग 10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दुकान में रखा टेंट का भारी सामान जलकर राख हो गया है, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना स्थल पर मौजूद है और मामले की छानबीन की जा रही है।