रानीगंज थाना क्षेत्र में झोलाछाप की भरमार हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में इसका खुलासा हुआ है। सीएमओ ने पांच झोलाछाप को चिह्नित कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए रानीगंज पुलिस को तहरीर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीन दिनों पहले रानीगंज थाना के गाजी का बाग, सुलतानपुर, दमदम, सुजहा व खाखापुर में मरीजों का इलाज करते पांच झोलाछाप को पकड़ा था। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सीएमओ ने रानीगंज थाने में तहरीर भेजी है। नोटिस भेजकर क्लीनिक बंद करने और मरीजों का इलाज करने पर भी रोक लगा दी गई है। सीएमओ एके श्रीवास्तव ने बताया कि टीम ने निरीक्षण किया था। झोलाछाप पकड़े गए। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। तीनों टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं। झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।