अंतू स्टेशन पर मारपीट और छेड़खानी की शिकार छात्रा ने स्थानीय पुलिस के कार्रवाई न करने पर रेलमंत्री को पीयूष गोयल को ट्विट कर घटना की जानकारी दी। रेल मंत्रालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई करने के लिए कहा। इस पर लखनऊ जीआरपी में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। विवेचना के लिए मुकदमा प्रतापगढ़ जीआरपी को ट्रांसफर किया गया है।
अंतू थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा 2 मई को अपनी बहन को ट्रेन पर बैठाने के लिए अंतू स्टेशन गई थी। जहां उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचले भी पहुंच गए। वहां भी उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। विरोध करने पर बहन व छात्रा के साथ ही रिश्तेदार को भी पीटा था। अंतू पुलिस व जीआरपी प्रतापगढ़ घटना की तहरीर मिलने के बाद भी टालमटोल कर रही थी। पीड़ित छात्रा ने मामले में रेलमंत्री को ट्वीट कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
जिसे रेल मंत्रालय ने गंभीरता से लिया। इस प्रकरण में लखनऊ जीआरपी ने 5 मई को मुकदमा दर्ज कर प्रतापगढ़ जीआरपी को विवेचना के लिए भेजा गया। मामला रेल मंत्रालय तक पहुंचने के बाद जीआरपी ने छात्रा को बुलाकर बयान दर्ज किया। जीआरपी एसओ ने बताया कि विकास पांडेय समेत पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।