विद्यालय में पढ़ाने वाला वित्तविहीन शिक्षक विद्यालय के बच्चों की फीस और कुछ कागजात लेकर भाग गया। अब उसे फोन पर वापस आने और पैसा वापस करने की बात पर गाली गलौज कर रहा है। काफी प्रयास के बाद पैसा वापस न लेकर आने पर प्रबंधक ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी चोरी सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुंडा के बरई गांव निवासी मुमताज अहमद पुत्र मुजफ्फर हुसैन एमएच महिला महाविद्यालय के प्रबंधक हैं। उनके विद्यालय में एक वित्तविहीन शिक्षक जमील अहमद पुत्र अख्तर अली निवासी पलही पट्टी चोलापुर वाराणसी अध्यापन कार्य करता था। प्रबंधक उसे विद्यालय की फीस बैंक में जमा करने और सामान आदि लाने के लिए रुपये दिया करते थे।
18 दिसम्बर को उन्होंने शिक्षक को दो लाख रुपये फीस जमा करने के लिए दिए थे। 22 दिसम्बर को 95 हजार सहित अन्य कई बार दिए गए रुपये को मिलाकर कुल 5 लाख 45 हजार 561 रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे। उसने बैंक में रुपये जमा नहीं कराए और 23 दिसंबर को कालेज छोड़कर भाग गया।
इसकी जानकारी होने पर उसे फोन किया गया तो उसने जरूरी काम बताते हुए जल्द ही आकर रुपये जमा कराने की बात कही। काफी दिन बीत जाने के बाद भी उसने रुपये नहीं जमा किया। अब उससे रुपये वापस करने की बात कही जा रही है तो वह फोन पर गाली गलौज करता है। प्रबंधक का कहना है कि उसने विद्यालय के जरूरी दस्तावेज चुरा लिए हैं।
साथ ही उनमें कूट रचना करके गलत इस्तेमाल कर रहा है। उस पर विद्यालय में निवास करने का एक लाख आठ हजार रुपये भी बकाया है। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।