साधन सहकारी समिति अतरौरा में खाद और बीज न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द आपूर्ति और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि समिति में पिछले एक साल से यूरिया, डीएपी और उन्नत बीज नहीं मिल रहे हैं। किसानों को महंगे दामों पर निजी दुकानों से खाद-बीज खरीदना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि वे समिति के चक्कर लगाकर थक चुके हैं, पर हर बार आश्वासन मिलता है।
किसानों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था दुरुस्त न होने पर वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान लालमणि, द्रौपदी देवी, सुमित्रा, कृपाली, प्रेमा देवी, अनारा, शांति देवी, ओमप्रकाश मौजूद रहे।