बिजली का तार टूटकर खेत में गिरने से छह बीघा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घंटे भर की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड व ग्रामीण आग पर काबू पा सके। खेत में अगलगी से ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। उधर, सांगीपुर में भी अज्ञात कारणों से लगी आग ने तीन बीघा गेहूं की फसल स्वाहा हो गई उदयपुर थाना क्षेत्र के रेहुआ लालगंज निवासी दिनेश सिंह के खेत के बीच से एलटी लाइन गुजरी है। मंगलवार को दोपहर अचानक शार्ट सर्किट होने से तार टूटकर खेत में जा गिरा। तार गिरते ही खेत में काटकर रखा गेहूं धू-धू कर जलने लगा। देखते ही देखते अशोक सिंह, गयाप्रसाद सिंह, गंगा प्रसाद सरोज, मुन्ना सरोज, रामप्यारे, राजकुमार व बबन के खेत में आग फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और ग्रामीणाें ने करीब घंटेभर मशक्कत कर आग पर काबू पाया। अगलगी से लगभग छह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उधर, राहाटीकर बबुरिहा में भी बिजली के तार में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने जगन्नाथ विश्वकर्मा की एक बीघा गेहूं व अरहर की फसल जलाकर राख कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पा सके। वहीं घुइसरनाथ धाम संवाददाता के अनुसार सांगीपुर थाना क्षेत्र के कटेहटी छिवलहा में आयोध्या प्रसाद पांडेय के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में आने से लगभग 3 बीघा गेहूं की फसल स्वाहा हो गई। फायर ब्रिगेड के आने पर आग बुझाई जा सकी।